9 सितंबर, 2022 को नई दिल्ली में टाइम्स नाउ अमेजिंग इंडियंस 2022 अवार्ड्स के विजेताओं को सम्मानित करने के बाद माननीय उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ का संबोधन।

नई दिल्ली | सितम्बर 9, 2022

टाइम्स नाउ अमेजिंग इंडियंस पुरस्कार, 2022 समारोह के लिए आज यहां उपस्थित होना अत्यधिक सम्मान की बात है – यह एक ऐसे मंच का एक शानदार उदाहरण है, जो ऐसे लोगों की पहचान के लिए लीक से हटकर कार्य करता है जिन्होंने हमारे जीवन को बेहतर बनाने और एक बेहतर राष्ट्र के निर्माण में अप्रतिम योगदान दिया है।
हमारी मानवीय प्रतिभा के उत्कृष्ट गुण एवं अभिनव दृष्टिकोण और अद्वितीय दृढ़ता अब पूरे विश्व में प्रसिद्ध हैं।
भारतीयों के बीच विद्यमान मानव संसाधनों की असाधारण प्रकृति को अब व्यापक रूप से मान्यता प्रदान की गई है।
गत कुछ दशकों के दौरान भारतीयों ने गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, ट्विटर, आईबीएम, मास्टरकार्ड, चैनल, पेप्सिको और स्टारबक्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों की सफलता में और अधिक प्रमुख भूमिका निभाकर अपने वैश्विक साथियों को चकित कर दिया है।
हमारे राष्ट्रीय महत्व के संस्थानों जैसे आईआईटी और आईआईएम के अनुसंधान की गुणवत्ता एवं तकनीकी कौशल अब विकसित दुनिया में प्रसिद्ध है।
प्राचीन काल से ही हमने कई शताब्दियों के दौरान गणित, विज्ञान, खगोल विज्ञान, दर्शनशास्त्र और भाषा विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट विभूतियों का सृजन किया है।
हाल ही के वर्षों में हमारे देश में संस्थागत रूप से शासन के ढांचे और अन्य उत्प्रेरक पहलों में हुए सुधार ने देश के विभिन्न सुदूरवर्ती क्षेत्रों में अंतर्निहित प्रतिभाओं को पोषित पल्लवित करने और उन्हें विकसित करने के लिए एक सक्षम वातावरण बनाया है। इसके परिणाम अब तक हुई वृद्धि से परिलक्षित होते हैं।
इनमें से कई ऐसे लोग हैं जो अपने दैनन्दिन व्यवहार में साधारण ही प्रतीत होते हैं, लेकिन वे शांत रहकर और सप्रयोजन अपने साथी नागरिकों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए अकल्पनीय तरीके से कार्य कर रहे हैं।
ऐसे असाधारण मानव संसाधनों को प्रमुख भूमिका प्रदान करने और उनके अद्भुत प्रयासों को राष्ट्र के समक्ष दर्शाए जाने की जरूरत है।
एक महत्वाकांक्षी राष्ट्र के रूप में यह हमारा सामूहिक प्रयास होना चाहिए कि हम इन असाधारण व्यक्तियों की क्षमता एवं योग्यता को शीघ्रता से पहचानें और सार्थक रूप से इसका लाभ उठाएं।
माननीय प्रधान मंत्री श्री नरेन्द्र मोदी स्वयं अमेजिंग इंडियंस 2016 का हिस्सा रहे हैं और यह इस बात का प्रमाण है कि यह मिशन राष्ट्र के लिए कितना महत्वपूर्ण है।
यह जानकर प्रसन्नता हो रही है कि टाइम्स नाउ नेटवर्क ने डॉ. प्रीति अडानी की अध्यक्षता में सुश्री उपासना कामिनेनी, श्री एस. नंबी नारायण, सुश्री सोनाली बेंद्रे और उस्ताद अमजद अली खान जैसे निर्णायकों का एक ऐसा प्रतिष्ठित पैनल गठित किया है, जिन्होंने इस वर्ष के पुरस्कारों के लिए सबसे उपयुक्त योग्य प्रत्याशियों का चयन करने के लिए अपना अमूल्य समय और श्रम दोनों ही समर्पित किए हैं।
निर्णायक मण्डल के सदस्यों की अपार प्रतिभा, अंसदिग्ध साख और अपरिमित प्रतिष्ठा को ध्यान में रखते हुए मुझे पूरा विश्वास है कि उन्होंने आज शाम सर्वश्रेष्ठ भारतीयों को हमारे समक्ष लाने में कोई कमी नहीं रखी होगी ।
मैं भी टाइम्स नाउ अमेजिंग इंडियंस 2022 के विजेताओं को सम्मानित करने और उनकी प्रेरक कहानियों को सुनने के लिए उत्सुक हूं।
धन्यवाद।