उपराष्ट्रपति 3 मई को असम और मणिपुर की यात्रा पर जायेंगे

नई दिल्ली
मई 2, 2023

उपराष्ट्रपति डिब्रूगढ़ विश्वविद्यालय के 21वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे
उपराष्ट्रपति धनमंजुरी विश्वविद्यालय, इंफाल के छात्रों और शिक्षकों के साथ बातचीत करेंगे
उपराष्ट्रपति मणिपुर विश्वविद्यालय में संकाय और वैज्ञानिकों के साथ संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे

उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ 03 मई, 2023 को एक दिवसीय दौरे पर असम और मणिपुर जाएंगे।

उपराष्ट्रपति असम में

पूर्वाह्न में उपराष्ट्रपति डिब्रूगढ़, असम का दौरा करेंगे। वे डिब्रूगढ़ विश्वविद्यालय के 21वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे और दीक्षांत समारोह को संबोधित करेंगे।

इस अवसर पर असम के राज्यपाल श्री गुलाब चंद कटारिया, असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा, केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस तथा श्रम और रोजगार राज्य मंत्री श्री रामेश्वर तेली और असम सरकार के शिक्षा मंत्री डॉ. रनोज पेगू भी उपस्थित रहेंगे।

 

उपराष्ट्रपति मणिपुर में

दोपहर में उपराष्ट्रपति मणिपुर में इंफाल स्थित धनमंजुरी विश्वविद्यालय, जाएंगे। यहां वे विश्वविद्यालय के छात्रों और शिक्षकों के साथ संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह सत्र युवाओं के साथ मूल्यवान चर्चा और विचारों के आदान-प्रदान का अवसर प्रदान करेगा।

दौरे के अंतिम चरण में, श्री धनखड़ इंफाल स्थित मणिपुर विश्वविद्यालय जाएंगे, जहां वे देश भर के विभिन्न केंद्रीय संस्थानों के संकायों/वैज्ञानिकों के साथ एक संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे।

मणिपुर की राज्यपाल सुश्री अनुसुइया उइके, मणिपुर के मुख्यमंत्री श्री एन. बीरेन सिंह और केंद्रीय विदेश तथा शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. राजकुमार रंजन सिंह दोनों कार्यक्रमों में भाग लेंगे। धनमंजुरी विश्वविद्यालय में कार्यक्रम में मणिपुर सरकार के शिक्षा मंत्री श्री ठाकुर बसंत सिंह भी मौजूद रहेंगे।

Is Press Release?: 
1