श्री जगदीप धनखड़ ने भारत के 14वें उपराष्ट्रपति एवं राज्य सभा के सभापति के रूप में शपथ ली

नई दिल्ली
अगस्त 11, 2022

श्री जगदीप धनखड़ ने आज भारत के चौदहवें उपराष्ट्रपति एवं राज्य सभा के सभापति के रूप में पदभार ग्रहण किया। एक प्रसिद्ध वकील और पश्चिमी बंगाल के पूर्व राज्यपाल, श्री धनखड़ को आज राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक शपथ ग्रहण समारोह में राष्ट्रपति, श्रीमती द्रौपदी मुर्मू द्वारा शपथ दिलाई गई।
शपथ ग्रहण से पूर्व श्री धनखड़ ने आज सुबह राजघाट जाकर महात्मा गांधी जी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने ट्वीट किया, "पूज्य बापू को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए राजघाट की निर्मल उदात्तता में हमेशा भारत की सेवा में तत्पर रहने के लिए धन्य, प्रेरित और प्रोत्साहित महसूस किया।"

https://twitter.com/jdhankhar1/status/1557564958287994880?cxt=HHwWgIDR1fjEyp0rAAAA


श्री जगदीप धनखड़ का संक्षिप्त जीवन परिचय निम्नवत है

  • शैक्षिक और व्यावसायिक पृष्ठभूमि

श्री धनखड़ ने अपनी प्रारंभिक स्कूली शिक्षा किठाना गांव के सरकारी प्राथमिक विद्यालय से की। इसके बाद, उन्होंने सरकारी मिडिल स्कूल, घरधाना और सैनिक स्कूल, चित्तौड़गढ़ में अध्ययन किया। अपनी कॉलेज की शिक्षा के लिए, श्री धनखड़ ने महाराजा कॉलेज, जयपुर में प्रवेश लिया और बी.एससी. (ऑनर्स) भौतिकी में स्नातक किया। उसके बाद, उन्होंने राजस्थान विश्वविद्यालय से विधि में डिग्री हासिल की।
श्री जगदीप धनखड़ ने अपने पेशेवर जीवन की शुरुआत एक वकील के रूप में की, और प्रथम पीढ़ी के पेशेवर होने के बावजूद, वे देश के एक शीर्ष कानूनी विशेषज्ञ के रूप में प्रतिष्ठित हुए । वर्ष 1990 में, उन्हें राजस्थान उच्च न्यायालय द्वारा वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में नामित किया गया था। तब से, श्री जगदीप धनखड़ मुख्य रूप से उच्चतम न्यायालय में वकालत करते रहे और मुकदमेबाजी के अन्य क्षेत्रों के अलावा उनकी वकालत मुख्यत: इस्पात, कोयला, खनन और अंतर्राष्ट्रीय वाणिज्यिक मध्यस्थता के क्षेत्रों पर केन्द्रित रही है। उन्होंने देश के विभिन्न उच्च न्यायालयों में वकालत की है और 30 जुलाई, 2019 को पश्चिमी बंगाल के राज्यपाल का पद संभालने से पूर्व तक राज्य के वरिष्ठतम नामित वरिष्ठ अधिवक्ता रहे। अपने विधिक जीवन के दौरान, श्री धनखड़ वर्ष 1987 में राजस्थान उच्च न्यायालय बार एसोसिएशन, जयपुर के अध्यक्ष के रूप में चुने जाने वाले सबसे कम उम्र के व्यक्ति थे। एक वर्ष बाद, वे वर्ष 1988 में राजस्थान बार काउंसिल के सदस्य भी बने।

  • संसदीय और सार्वजनिक जीवन

श्री जगदीप धनखड़ वर्ष 1989 में झुंझुनू संसदीय निर्वाचन क्षेत्र से भारतीय संसद के लिए चुने गए। इसके बाद, उन्होंने वर्ष 1990 में संसदीय कार्य मंत्रालय में राज्य मंत्री के रूप में भी कार्य किया। वर्ष 1993 में वे अजमेर जिले के किशनगढ़ निर्वाचन क्षेत्र से राजस्थान विधान सभा के लिए निर्वाचित हुए। विधानमंडल सदस्य के रूप में, श्री धनखड़ ने लोक सभा और राजस्थान विधान सभा में महत्वपूर्ण समितियों के सदस्य के रूप में कार्य किया। केंद्रीय मंत्री के रूप में, वे यूरोपीय संसद का दौरा करने वाले संसदीय समूह के उप -नेता के रूप में एक प्रतिनिधिमंडल के सदस्य भी रहे।
जुलाई 2019 में, श्री धनखड़ को पश्चिमी बंगाल का राज्यपाल नियुक्त किया गया था।

  • व्यक्तिगत विवरण

नाम                  :           श्री जगदीप धनखड़
पिता का नाम    :           स्व. श्री गोकल चंद
माता का नाम   :           स्व. श्रीमती केसरी देवी
जन्म तिथि      :           18 मई, 1951
जन्म स्थान       :           ग्राम किठाना, जिला झुंझुनू, राजस्थान
वैवाहिक स्थिति      :           विवाहित (वर्ष, 1979)
पत्नी का नाम     :           डा.   सुदेश धनखड़
संतान              :           एक पुत्री (श्रीमती कामना)
पुस्तक प्रेमी श्री धनखड़ एक खेल प्रेमी भी हैं और वे राजस्थान ओलंपिक संघ और राजस्थान टेनिस संघ के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। संगीत सुनना और यात्रा करना उनके अन्य शौक हैं। उन्होंने अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन, इटली, स्विट्जरलैंड, जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, चीन, हांगकांग, सिंगापुर आदि कई देशों की व्यापक यात्रा की है।

Is Press Release?: 
0